Budaun News: हाईटेंशन लाइन टूटने से छह छुट्टा पशुओं की मौत
अलापुर। थाना क्षेत्र के गांव कुंदन नगला के खेतिहार इलाके में सोमवार देर शाम हाईटेंशन लाइन टूटने से छह छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। पशु खाली खेत से गुजर रहे थे, तभी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया और फिर उनके शव दफन करा दिए।
हादसा ग्राम खरखोली खुर्द निवासी नरेंद्र सिंह के खेत में हुआ। उनका खेत नजदीकी गांव कुंदन नगला के खेतिहार इलाके में हैं। इस समय उनका खेत जोता हुआ पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार देर शाम कुछ छुट्टा पशु नरेंद्र सिंह के खेत से होकर गुजर रहे थे। तभी अचानक उनके खेत में खड़े पोल से हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई और उसकी चपेट में छह पशु आ गए। कुछ ही देर में उनकी छटपटाते हुए मौत हो गई।
यह देखकर ग्रामीणों ने सखानू विद्युत उपकेंद्र को सूचना दी। इसकी सूचना हलका दरोगा रामवीर सिंह और गांव के तमाम लोग पहुंच गए। बाद में पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर उनका पोस्टमार्टम कराया और उनके शवों को दफन करा दिया। विद्युत निगम के अधिकारी लाइन ठीक करने में लगे हैं।