Budaun News: डेंगू की नहीं रुक रही रफ्तार, 12 और मरीज मिलने से आंकड़ा 500 के पार

सैदपुर में लगे स्वास्थ्य केंप में दवा लेते मरीज।स्रोत-स्वास्थ्य विभाग
बदायूं। जिले में डेंगू संक्रमित मिलने की रफ्तार कम नहीं हो पा रही है। जांच में लगातार डेंगू संक्रमित मिल रहे हैं। मंगलवार को डेंगू के 12 और मरीज मिलने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 547 हो गई है।
पंचायती राज विभाग की कारगुजारी व स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि जिले के दर्जन भर गांव डेंगू संक्रमण की चपेट में हैं। इन गांवों में लोगों की जानें भी गईं हैं। सैकडों लोग अब भी इलाज करा रहे हैं। जिले में डेंगू संक्रमितों की संख्या पांच शतक पार कर छठे की ओर बढ़ रही है। डेंगू का प्रकोप रोकने में स्वास्थ्य विभाग नाकाम साबित हो रहा है।
मलेरिया विभाग ने की फाॅगिंग, लार्वा किया नष्ट
दातागंज के गांव गनगोला में मलेरिया निरीक्षक अमित तिवारी ने भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। ग्राम प्रधान के साथ ही ग्रामीणों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। गांव में लार्वा नष्ट किया गया। उझानी के गांव कुरऊ में भी घरों में लार्वा की तलाश की गई। वजीरगंज के ग्राम लहरा लाडपुर में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया।

सैदपुर में लगे स्वास्थ्य केंप में दवा लेते मरीज।स्रोत-स्वास्थ्य विभाग