Budaun News: बदलते मौसम में रखें ख्याल… बीमार न हो जाएं नौनिहाल

महिला अस्पताल में एसएनसीयू में भर्ती नवजात। संवाद
बदायूं। मौसम ने करवट क्या बदली, बच्चे बीमार होने लगे हैं। सुबह-शाम की ठंड ही बच्चों को निमोनिया का शिकार बना रही है। जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में बीमार बच्चे बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। रोजाना छह-सात बच्चे भर्ती किए जा रहे हैं।
मौमस में तेजी से बदलाव हो रहा है। फिलहाल सुबह-शाम ठंड होने लगी है। ऐसे में बच्चों में गंभीर निमोनिया के लक्षण मिल रहे हैं। डाॅक्टर की मानें तो कुछ बच्चे तो जन्म के तुरंत बाद ही निमोनिया की जद में आ रहे हैं। 10 से 28 दिन के बच्चों में गंभीर निमोनिया के लक्षण सामने आ रहे हैं। ऐसे बच्चों को महिला अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। 28 दिन से ऊपर के बच्चों को जिला अस्पताल और सैफई मेडिकल कॉलेज को रैफर किया जा रहा हैं। निमोनिया की शुरूआत में ही एसएनसीयू वार्ड नवजात बच्चों से फुल हो गया है। तीन दिन में निमोनिया पीड़ित सात बच्चों को भर्ती किया जा चुका है।
निमोनिया के लक्षण
निमोनिया संक्रमण के प्रमुख लक्षणों में खांसी, सीने में दर्द, बुखार और सांस लेने में कठिनाई होती है। साथ ही अगर तापमान 105 डिग्री फॉरेनहाइट तक पहुंच गया है तो यह भी निमोनिया का संकेत हो सकता है।
निमोनिया की जांचें और उपचार
सामान्य तौर पर निमोनिया के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। अगर हम निमोनिया की जांच और उपचार पर बात करें तो डॉक्टर के द्वारा रोगी को छाती का एक्सरे करवाने को कहा जाता है। डॉक्टर के द्वारा खून की जांच, सीटी स्कैन, बलगम की जांच, ब्रोंकोस्कोपी आदि भी करवाने की सलाह दी जाती है।
नवजात को मां का दूध छुड़वाने की भूल न करें
बच्चा को या फिर मां को सर्दी का असर होते ही गांव देहात में लोग बच्चे को मां का दूध देने से मना कर देते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए। मां का दूध किसी भी दशा में बंद नहीं कराना चाहिए। सर्दी खांसी होने पर भी मां दूध अमृत का काम करता है।
सर्दी के मौसम में निमोनिया का सबसे अधिक असर बच्चों पर होता है। निमोनिया के लक्षण दिखने पर बिना डाॅक्टर की सलाह के कोई दवा नहीं देनी चाहिए। वहीं जांच आदि कराने के बाद ही दवा शुरू करनी चाहिए। निमोनिया पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ने लगी है। – डाॅ. संदीप वाष्णेर्य बाल रोग विशेषज्ञ, महिला अस्पताल

महिला अस्पताल में एसएनसीयू में भर्ती नवजात। संवाद