Budaun News: खाद्य सुरक्षा की टीम ने मारे छापे, 375 लीटर सरसों का तेल सीज

बिसौली में तेल का नमूना लेते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।स्रोत-खाद्य विभाग
बदायूं। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने शहर के अलावा बिसौली, मुडिया और सहसवान में छापे मारकर विभिन्न खाद्य पदार्थों के 17 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। सरसों का 375 लीटर मिलावटी तेल सीज किया। खराब छैना मिठाई, खोया और बर्फी को मौके पर ही नष्ट कराया।
दिवाली पर मिलावटखोरी रोकने के लिए जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को सहायक आयुक्त खाद्य एवं औषधि विभाग छोटेलाल यादव के नेतृत्व में टीम ने बिसौली के दबतोरी रोड पहुंचकर नीरज गुप्ता के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का सैंपल लिया। कुढौली मोड़ स्थित बनास डेयरी से मिश्रित दूध, विशन किराना स्टोर से वेसन, नवीन किराना स्टोर ओरछी से रिफाइंड और सोयाबीन तेल, कस्बा मुड़िया में सुहेल अंसारी के यहां से क्रीम रोल, सहसवान के सैफुल्लागंज स्थित गौरव माहेश्वरी के यहां से सरसों के तेल, नावेद रईस के यहां से नमकीन का सैंपल लिया गया।
शहर में वेदों टोला में ववेंद्र कुमार वैश्य के यहां से सरसों के तेल, ग्यास बेकरी से मैदा, उसहैत में बंगाली मिष्ठान भंडार से छैना और बर्फी, बालाजी मिष्ठान से बर्फी और मिल्क केक, सलमान मिष्ठान भंडार से मावा, राशिद के यहां से बर्फी, फईम के यहां से खोया, बिलहरी से सरसों के तेल का सैंपल लिया गया। नीरज गुप्ता के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का सैंपल लेकर 375 लीटर तेल सीज किया गया। टीम ने 20 किलो दूषित मावा, 10 किलो बर्फी और 20 किलो छैना मिठाई नष्ट कराई। टीम में सहायक आयुक्त सीएल यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके शुक्ल, शहाबुद्दीन दोस्त, एतीश कुमार, माताशंकर विंद, शुभू दयाल और जितेंद्र कुमार शामिल रहे।

बिसौली में तेल का नमूना लेते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।स्रोत-खाद्य विभाग