Budaun News: नकली नोट खपाने फर्रुखाबाद से आए थे तस्कर

उसावां में पकड़ा गया नोट तस्कर।स्रोत-पुलिस
– पुलिस ने बुधवार शाम रते नगला तिराहे से एक को पकड़ा था, एक भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
उसावां (बदायूं)। थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को पकड़ा गया तस्कर फर्रुखाबाद के कंपिल क्षेत्र के गांव सूरजपुर चमरऊवा निवासी अनूप अपने साथी के साथ नकली नोट खपाने उसावां आया था। दोनों ने करीब पांच हजार रुपये के नकली नोट कस्बे की दुकानों पर चला दिए थे। तस्कर से 3860 रुपये के असली नोट भी बरामद हुए, लेकिन उसका साथी भाग गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया।
उसावां पुलिस के अनुसार अनूप उर्फ उदयपाल यादव और उसका साथी विपिन एक ही गांव के रहने वाले हैं। बताते हैं कि दोनों तस्कर एक ही बाइक पर उसावां आए थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि उन पर करीब 10 हजार रुपये के नकली नोट रहे होंगे। करीब पांच हजार के नकली नोट उन्होंने दुकानों पर चला दिए। वह 100-50 रुपये का सामान लेने के लिए भी पांच का नोट निकाल रहे थे।
वह कई बार ऐसा कर चुके थे। दुकानदारों को उन पर शक हुआ तो पुलिस को सूचना दे दी गई। मौके पर पुलिस पहुंचती, उससे पहले ही दोनों चलते बने। एसआई इंद्रदेव सिंह ने पुलिस टीम के साथ रते नगला तिराहे पर घेराबंदी कर दोनों की रोकने की कोशिश, लेकिन पीछे बैठा विपिन बाइक से कूदकर भाग गया। अनूप को पकड़कर पुलिस ने तलाशी ली तो उससे एक तमंचा, पांच हजार रुपये के पांच-पांच सौ के नकली नोट, 3860 रुपये के असली नोट बरामद हुए।
थाने ले जाकर अनूप से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि ये नकली नोट उसका साथी विपिन लेकर आया था। उसावां में नकली नोटों को चलाने की योजना भी उसी की थी। यह नहीं बताया कि विपिन नकली नोट कहां से लाया था। उसके पास और कितने नकली नोट हैं। मुख्य तस्कर कौन है।
दएसओ रामेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अनूप को जेल भेज दिया गया है। विपिन की तलाश की जा रही है। मुख्य तस्कर को भी पकड़ा जाएगा।
अलापुर भी में नकली नोटों के साथ पकड़े थे पिता-पुत्र
अगस्त, 2022 में अलापुर थाना पुलिस और एसओजी ने नकली नोटों के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया था। ग्राम भसराला निवासी नूरुल हसन और उसका बेटा शब्बू उर्फ शहबाज अपने ही घर में नकली नोट बनाते थे। उन्होंने घर में लैपटॉप और प्रिंटर आदि लगा रखे थे। पकड़े जाने से वे पहले करीब 50 हजार रुपये के नकली नोट चला चुके थे।