Budaun News: व्यापारियों, उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से करें निस्तारण
बदायूं। कलक्ट्रेट में जिला उद्योग बंधु व जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों व उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
डीएम मनोज कुमार ने बैठक के दौरान वर्ष 2022-23 के ऋण योजनाओं के पांच लाभार्थियों के लिए बैंक अधिकारियों को तत्काल आवेदकों को ऋण वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एडीएम प्रशासन से कहा कि वह नगर पंचायत उसावां के व्यापारियों की मांग पर बड़े हुए किराये को समन्वय कर नियमानुसार लागू करवाएं।
उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार उपाध्याय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तहत जिले का वित्तीय लक्ष्य 248.32 लाख रुपये मार्जिन मनी के लिए प्राप्त हुआ है। कुल 95 आवेदन पत्र पर 174.73 लाख रुपये मार्जिन मनी के प्रेषित किए गए। बैंकों द्वारा 31 ऋण आवेदन पत्र पर 68.01 लाख रुपये मार्जिन मनी के प्रस्ताव स्वीकृति प्रदान की गई। इस मौके पर एडीएम प्रशासन वीके सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रामजी लाल, एसडीएम सदर सुखलाल प्रसाद वर्मा, व्यापारी वीरेंद्र कुमार धींगड़ा, बलराम कुमार, सत्यपाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।