Budaun News: ट्रक की टक्कर से बाइक से जा रहे बेटे की मौत, मां जख्मी
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भटपुरा के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में दावत खाकर घर जा रहे बाइक सवार मां-बेटे को ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे बेटे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल को चंदौसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग गया।
सोमवार को फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव महोरी निवासी रामसिंह का 16 वर्षीय पुत्र प्रमोद, अपनी मां मायादेवी के साथ उघैती थाना क्षेत्र के गांव सोनियाखेड़ा में दावत समारोह में गया था। रिश्तेदारी में समारोह में भाग लेने के बाद मां-बेटे बाइक से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भटपुरा के पास सामने से आ रहे ट्रक के चालक ने प्रमोद की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को सीएचसी लाया गया। सीएचसी से प्रमोद की हालत गंभीर देखते हुए उसको बरेली रेफर कर दिया गया। परिजन प्रमोद को बरेली और घायल मायादेवी को चंदौसी ले गए। बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि प्रमोद ने हेलमेट नहीं लगाया था। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।