Budaun News: उझानी में नहीं स्पेशल ट्रेन का स्टॉपेज, लालकुआं-कानपुर के बीच सफर मुश्किल

उझानी रेलवे स्टेशन।
उझानी। सात नवंबर से शुरू हुई लालकुआं-कानपुर अनवरगंज स्पेशल ट्रेन का उझानी में स्टापेज न होने से इलाके के लोग इसका लाभ उठाने से वंचित हैं। उन्हें लालकुआं और कानपुर तक इस ट्रेन से सफर करने के लिए बदायूं या फिर सोरों स्टेशन जाना पड़ता है। स्पेशल ट्रेन का यहां स्टॉपेज हो जाए तो इलाके के लोगों का लालकुआं और कानपुर का सफर आसान हो जाएगा।
इज्जतनगर रेल मंडल की ओर से उत्तराखंड की वादियों और औद्योगिक नगरी कानपुर के अनवरगंज स्टेशन तक एक ही ट्रेन से सुगमता पूर्वक सफर के लिए स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की गई है। ट्रेन संख्या- 05306 लालकुआं- कानपुर अनवरगंज सात नवंबर से 29 दिसंबर तक प्रत्येक मगंलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को लालकुआं से रात 10 बजे चलकर सुबह सात बजकर 10 मिनट पर कानपुर के अनवरगंज स्टेशन पहुंचती है।
वापसी में ट्रेन संख्या- 05305 कानपुर अनवरगंज- लालकुआं स्पेशल ट्रेन प्रत्येक बुधवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और सोमवार को कानपुर अनवरगंज से सुबह आठ बजकर चलकर शाम छह बजे लालकुआं पहुंचती है। उझानी से लालकुआं और कानपुर के बीच सफर करने वालों की संख्या अच्छी खासी है।
व्यापारी अभिनव सक्सेना, उमंग गर्ग, राजकमल गुप्ता, हरिकेश यादव आदि के मुताबिक जब स्पेशल ट्रेन शुरू हुई थी तभी डीआरएम को पत्र भेजकर उझानी में स्टॉपेज की मांग की गई, लेकिन अभी तक उस पर कोई गौर नहीं किया गया है। नगर समेत आसपास इलाके के लोगों को इस ट्रेन में सफर करने के लिए बदायूं या फिर सोरों तक बस से पहुंचकर ट्रेन में सफर शुरू करना पड़ रहा है।
फिर उठा फुट ओवरब्रिज का मुद्दा
बांके बिहारी कन्या महाविद्यालय के प्रवक्ता नवीन कुमार ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर- दो को जोड़ने के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने के लिए डीआरएम को पत्र भेजा हैै। उनका कहना है कि रात में करीब 11 बजे बरेली-कासगंज के बीच फास्ट पैसेंजर ट्रेन का क्रॉस होता है। ट्रेन प्लेटफार्म नंबर- दो पर रुकती है, उसके यात्रियों को प्लेट नंबर एक पर आने के लिए लाइन पार करनी होती हैै। चार महीना पहले इसी प्लेटफार्म पर नवीन कुमार परिवार समेत हादसे का शिकार होने से बचे थे।