Budaun News: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में ग्राम मझिया के नजदीक बाइपास पर बृहस्पतिवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक सवार पीलीभीत के दो युवकों की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
पीलीभीत जिले में जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव खमरिया निवासी अजय (20) पुत्र किशन लाल और वीरेंद्र कुमार (23) पुत्र तेजराम अपने परिवार के कई लोगों के साथ शहर से सटे नगला शर्की गांव में मजदूरी पर गन्ना छीलने आए थे। बताते हैं कि वह बृहस्पतिवार को नगला शर्की में गन्ना छील रहे थे।
शाम के समय गन्ना छीलने के दौरान वह बाइक लेकर गुटखा लेने दातागंज रेलवे क्रॉसिंग के पास आए थे। गुटखा लेकर वापस जाते समय उनकी बाइक मझिया गांव के नजदीक बाइपास पर पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उनकी बाइक काफी तेज थी। वह हेलमेट भी नहीं लगाए थे। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत दोनों युवकों को जिला अस्पताल भेजा, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। थाना पुलिस ने उनके परिवार वालों को सूचना दे दी है।


