Budaun News: सूरज ने उगली आग, पारा 44 डिग्री के पार

तेज गर्मी में सड़क पर पसरा पन्नाटा। संवाद
बदायूं। सूरज का आग उगलना जारी है। गर्मी से जनजीवन बेहाल है। लोग अपने पसीना पौंछते दिखाई दे रहे हैं। ऐसी भीषण गर्मी में विद्युत कटौती जले पर नकम का काम कर रही है। लोग हाथों से पंखा झलने को मजबूर हैं। गर्मी से व्याकुल राहगीर छाया की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। दिन में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री और न्यूनतम 36.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार की सुबह से ही सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए, दिन में आसमान साफ रहा। इससे गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल किया कर दिया। कामकाज का दिन होने के कारण लोग घरों से तो निकले, लेकिन तेज धूप से परेशान रहे। तापमान अन्य दिनों की अपेक्षा कुछ कम रहा, लेकिन उमस ने लोगों को बुरा हाल किया। दोपहर को तो सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। पानी पीने के लिए जगह-जगह रखी टंकियों से गर्म पानी निकल रहा है। इस वजह से राहगीरों को गला तरने में बहुत परेशानी हुई।
शीतल पेयजल भी नहीं बुझा पा रहे प्यास
गर्मी का आलम ये है कि शीतल पेयजल भी लोगों की प्यास नहीं बुझा पा रहे हैं। गर्मी की वजह से पानी पीने के कुछ देर बाद ही गला सूखने लगता है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नितिन कुमार ने बताया कि तेज धूप स्किन के साथ सेहत को भी नुकसान पहुंचा सकती है। गर्मी से बचने के लिए पानी का अधिक से अधिक उपयोग करें। वहीं, पूरी आस्तीन की शर्ट पहने। धूप से आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मे का इस्तेमाल करें।