Bareilly News: गिरोह की सरगना और गुर्गे कर रहे नेताओं की परिक्रमा
बरेली। हनी ट्रैप मामले में फंसी गिरोह की सरगना और उसका कथित पत्रकार साथी अपनी जान छुड़ाने के लिए नेताओं की परिक्रमा में जुट गए हैं। वहीं पीड़ित युवती ने अपना मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही बयान भी दर्ज कराए हैं।
हनी ट्रैप के जरिये पुलिसकर्मियों और दूसरे विभागों से जुड़े लोगों को फंसाकर ढाई करोड़ रुपये कमा चुकी सरगना पहली बार कानून के शिकंजे में फंसी है। साथ ही उसका कथित पत्रकार साथी भी कार्रवाई के दायरे में आ गया है। दोनों एक दूसरे के रिश्तेदार और प्रेमी युगल बताए जा रहे हैं। इन दोनों का शायरी लिखा हुआ रोते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। अब ये दोनों और इनके साथी बचने की जुगत में लगे हैं। चूंकि पुलिस और सरकारी कर्मचारियों को ये ठगते रहते थे तो अफसरों से इन्हें राहत की उम्मीद नहीं है। वे नेताओं की परिक्रमा में जुट गए हैं।
इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद बुधवार को मेडिकल परीक्षण कराया। उसने पुलिस को बयान दर्ज कराए। अब कोर्ट में बयान दर्ज कराने की तैयारी है। बारादरी थाने में सरगना के खिलाफ उसकी किरायेदार की शिकायत पर जांच चल रही है। यह मुकदमा भी जल्दी दर्ज हो सकता है।



