मांझे से कटी मासूम की नाक: बेटी को गोद में लेकर छत पर टहल रही थी मां, चीख सुन कांपा कलेजा; गर्दन पर भी जख्म

चाइनीज मांझे से कटी मासूम की नाक
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद बरेली में इसकी बिक्री हो रही है। इसके चलते आए दिन मांझे की चपेट में आने से लोग घायल हो रहे हैं। बुधवार को एक मासूम बच्ची चाइनीज मांझे की चपेट में आने से घायल हो गई। उसके कान, नाक और गले पर जख्म हो गए। गनीमत रही कि गले पर गहरा जख्म नहीं हुआ। अन्यथा उसकी जान भी जा सकती थी।
थाना बारादरी क्षेत्र की राजीव नगर कॉलोनी निवासी सचिन ने बताया कि उनकी पत्नी नीतू बुधवार शाम ढाई महीने की बेटी शिवांशी को लेकर छत पर टहल रही थी, तभी पड़ोस का रहने वाला युवक पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान मासूम शिवांशी मांझे की चपेट में आ गई। इसके चलते उसके नाक-कान और गले पर जख्म हो गए। मांझे से कटने पर बच्ची चीख पड़ी। बच्ची की हालत देख मां का कलेजा कांप गया। वह भी चीखने लगी।
ये भी पढ़ें- UP News: तपते मौसम में जानलेवा हुआ डायरिया, बरेली में छह माह के बच्चे की मौत; जानें लक्षण और बचाव के उपाय
नीतू और मासूम बेटी की चीख सुनकर तुरंत ही परिवार के लोग छत पर पहुंचे तो देखा कि मांझे से बेटी की नाक पर गहरा जख्म हुआ था। परिजन आनन फानन उसे अस्पताल ले गए। उसका उपचार कराया। पीड़ित परिवार ने घटना की शिकायत पुलिस से की है। मोहल्ले के लड़के जमकर पतंगबाजी करते हैं। इसके लिए चाइनीज मांझे का इस्तेमाल करते हैं।



