Budaun News: आग उगल रहे सूर्य देव, लोग बेचैन

तेज गर्मी में सड़क पर पसरा सन्नाटा। संवाद
बदायूं। सूर्य देवता इन दिनों आग उगल रहे हैं। जून शुरुआत से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। पंखा और कूलर भी इस गर्मी में नाकाफी साबित हो रहे हैं। तेज धूप के कारण पूर्वाह्नन बाद से सड़कों पर सन्नाटा छाने लगता है। राहत अभी आगे भी मिलती नजर नहीं आ रही।
शनिवार को न्यूनतम तापमान 33.5 डिग्री और अधिकतम 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 34.5 डिग्री एवं अधिकतम 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, अभी पांच दिन तक गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं। हर दिन बढ़ रही गर्मी से न केवल लोग हलकान हैं, बल्कि उनकी सेहत पर भी बुरा असर पड़ रहा है। हालांकि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में मौसम में काफी परिवर्तन आया था। उस समय आंधी, बारिश हुई थी। इससे अधिकतम पारा 40 से नीचे चला गया था।
तापमान में बढ़ोतरी लोगों को कर रही बीमार
तापमान में लगातार बढ़ोतरी लोगों को बीमार कर रही है। सर्दी, खांसी वायरल फीवर, सर दर्द, दस्त व उल्टी से पीड़ित मरीजों की संख्या अस्पताल में बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल के डॉक्टर अलंकार सोलंकी का कहना है कि ऐसे मौसम में एहतियात बरतना काफी जरूरी है। अचानक एसी, कूलर में जाने, फ्रिज का ठंडा पानी पीने, सीधे तेज धूप में जाने से बचना चाहिए। वहीं ज्यादा से ज्यादा दही, छाछ व लिक्विड का प्रयोग करें।