Budaun News: जेई पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की अधीक्षण अभियंता करेंगे जांच

बिसौली विद्युत उप केंद्र का निरीक्षण करते विद्युत निगम के लखनऊ के डायरेक्टर कमर्शियल योगेश कुमा
बिसौली। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लखनऊ के निदेशक, कॉमर्शियल योगेश कुमार ने बुधवार को विद्युत वितरण खंड, तृतीय बिसौली का निरीक्षण किया। उन्होंने कम वसूली पर नाराजगी जताई और इसमें सुधार के निर्देश अधीनस्थों को दिए।
निदेशक योगेश कुमार ने निरीक्षण के दौरान बकाया बिजली बिल के बारे में अधिशासी अभियंता रामलाल से जानकारी ली। निर्देश दिए कि बकायेदार पर जितना धन हो उसे ही जमा कर लिया जाए, जिससे वसूली बढ़ सके। इसके साथ ही कनेक्शन संबंधी समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।
कुछ लोगों ने अवर अभियंता मोहम्मद मियां कुरैशी के भ्रष्टाचार में लिप्त होने की शिकायत की, जिस पर संज्ञान लेते हुए निदेशक ने अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार को तीन दिन के अंदर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। बिना कारण कार्य से हटाए जाने को लेकर डेढ़ माह से क्रमिक अनशन पर बैठे यशवीर एवं राजीव कुमार मिश्रा का पक्ष रखते हुए उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन एवं प्रदेश संगठन मंत्री हरीश चंद्र यादव ने जांच कर हटाए गए कर्मचारियों को वापस करने की मांग की, जिस पर उन्होंने जांच का आश्वासन दिया।
इसके अलावा पदाधिकारियों ने सुरक्षा उपकरण, इपीएफ स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा न मिलने की बात उनके समक्ष रखी, जिस पर निदेशक ने तत्काल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए। भाजपा नेता मनोज शर्मा और सभासद आशुतोष पाठक ने भी बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर बात की। उन्होंने जिले के कई बिजली उपकेंद्रोें का निरीक्षण भी किया।