Budaun News: दातागंज में किशोरी से दुष्कर्म, अब परिवार वाले भी लापता
छह सितंबर की रात को हुई थी घटना, पुलिस को तहरीर दे चुके हैं परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दूसरे समुदाय का आरोपी एक घर में घुस गया। उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया लेकिन वह किसी तरह छूटकर भाग गया। परिवार वालों ने उसके खिलाफ तहरीर भी दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब परिवार वाले गांव से लापता बताए जा रहे हैं।
मामला छह सितंबर की रात का है। ग्रामीणों के मुताबिक दूसरे समुदाय का युवक एक घर में घुस गया। उसने घर में मौजूद 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। परिवार वाले कुछ दूरी पर सो रहे थे। उसने किशोरी को डराया-धमकाया, जिससे वह शोर नहीं मचा सकी। इसी दौरान परिवार वाले उठ गए, उन्होंने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के भी कई लोग आ गए। उन्होंने आरोपी की पिटाई लगाई। वह आरोपी को पुलिस के हवाले करने का विचार बना रहे थे कि तभी वह उनके चंगुल से निकलकर भाग गया। बाद में परिवार वालों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया।
इंस्पेक्टर सौरभ सिंह का कहना है कि इस मामले में किशोरी का चाचा कोतवाली आया था। उन्होंने किशोरी और उसके पिता को लाने के लिए कहा लेकिन वह उन्हें नहीं लाया। इससे मामला संदिग्ध लग रहा है।
अब चार-पांच दिन से किशोरी और उसके परिवार वाले गांव में दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसको लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि वह डर की वजह से गांव छोड़कर चले गए तो कुछ लोगों का कहना है कि वह शर्म की वजह से गांव नहीं आ रहे हैं। सीओ कर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। वह पता कर कार्रवाई कराते हैं।