Budaun News: धरना देने पहुंचा परिवार, थाने बुलाकर करा दिया फैसला

कुुंवरगांव कस्बे में फैसले के बाद फावड़ा से निशान लगाते लोग। संवाद
कुंवरगांव का मामला, जमीन और पेड़ों को लेकर था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंवरगांव (बदायूं)। कस्बे का परिवार धरना देने मालवीय आवास पहुंचा। सूचना पर अधिकारियों ने उन्हें थाने बुला लिया और वहीं बैठकर उसका फैसला करा दिया। दूसरे की जगह में खड़े कई पेड़ उसे दिला दिए गए। साथ ही उसे 50 गज जगह और दे दी गई।
कस्बा निवासी शंकर लाल ने अपनी 750 गज जगह में से 550 गज जगह 19 फरवरी 2023 को राम कुमार गुप्ता को बेची थी। इसके अलावा उसने 100 गज जगह इरफान अंसारी और 100 गज जगह उसके भाई अफसर अंसारी को बेची थी लेकिन आठ दिन बाद अफसर अंसारी अपनी 100 गज जमीन रामकुमार को बेचकर दिल्ली चला गया।
पिछले दिनों इरफान अंसारी ने रामकुमार गुप्ता पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। शिकायत पर जगह की पैमाइश भी कराई गई लेकिन उसके आरोप में दम नहीं निकला। इससे राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया लेकिन सोमवार को इरफान अंसारी अपने परिवार को लेकर धरना देने मालवीय आवास पहुंच गया।
सूचना पर एसडीएम एसपी वर्मा ने उसे थाने बुला लिया। वहीं रामकुमार गुप्ता को बुलाकर दोनों के बीच फैसला करा दिया गया। इरफान अंसारी ने कहा कि रामकुमार गुप्ता की जगह में खड़े पेड़ उसने लगाए थे। इससे अधिकारियों ने वह पेड़ इरफान को दिला दिए। रामकुमार की जगह में से 50 जगह और दे दी गई। फिर उस जगह पर निशान लगाकर दोनों लोगों को अपना-अपना कब्जा दिला दिया गया।