बदायूं

Budaun News: बच्ची ड्रेसिंग टेबल में बंद, पुलिस तक पहुंच गए तब पता चला

Connect News 24

Girl locked in dressing table, police reached there and found out

बिसौली कोतवाली गेट के बाहर अपने परिजनो के साथ बालिका। संवाद

डेढ़ घंटे तक नहीं मिली बच्ची तो गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने कोतवाली पहुंचे परिजन

बाद में घर में दोबारा तलाश किया तो ड्रेसिंग टेबिल में बेहोश मिली

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। बिसौली कस्बे के मोहल्ला ठकुराइन होली चौक में एक बालिका खेल-खेल में ड्रेसिंग टेबल में बंद हो गई। परिवार वाले करीब डेढ़ घंटे तक उसे ढूढ़ते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उन्होंने कोतवाली जाकर उसके लापता होने की सूचना दी तो पुलिस ने भी बालिका की खोजबीन शुरू करा दी लेकिन बाद में बालिका ड्रेसिंग टेबल के अंदर बेहोश पड़ी मिली।

होली चौक निवासी राहुल शर्मा की पांच साल की बेटी बिट्टो बुधवार शाम अपने घर में खेल रही थी। खेल-खेल में बालिका ड्रेसिंग टेबल में जाकर छिप गई लेकिन बाहर नहीं निकल पाई। कुछ देर बाद परिवार वालों का उस पर ध्यान गया तो उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। उन्होंने आस-पड़ोस में उसे तलाश किया। जब कुछ पता नहीं चला तो परिवार वाले कोतवाली पहुंचे।

उनकी सूचना पर कोतवाली पुलिस ने भी बालिका की तलाश शुरू करा दी। पास में चल रहे मेले में एनाउंस कराया गया। चीता मोबाइल पुलिस ने उसे कस्बे में ढूंढना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटा तक परिवार वाले उसे तलाश करते रहे। बाद में उन्होंने अपने घर में बालिका को तलाश किया। उन्होंने ड्रेसिंग टेबल खोलकर देखा तो उसमें बालिका बेहोश पड़ी मिली। परिवार वाले उसे नजदीकी डॉक्टर के पास ले गए। जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। फिलहाल बालिका ठीक है। उन्होंने बालिका के मिलने की सूचना पुलिस को दे दी है।

छोटे बच्चों के मामले में रहें सावधान

– छोटे बच्चे पर हर समय नजर बनी रहनी चाहिए। उनके क्रियाकलापों पर नजर रखें कि वे क्या कर रहा है।

– खेलते समय बच्चों का विशेष ध्यान रखें। अनजाने में वे किसी चीज से अपना शारीरिक नुकसान कर सकते हैं।

– बच्चे यदि घर में खेल रहे हों तो बिजली उपकरण चालू नहीं होने चाहिए।

– अक्सर बच्चे खेलते समय अलमारी, बक्से आदि में छिप जाते हैं। ऐसे में इन चीजों का ध्यान रखें कि वे लॉक हैं या नहीं।

– बच्चों की मानसिकता होती है कि वे खेल में बड़ों का हस्तक्षेप नहीं चाहते, ऐसे में उनका ध्यान रखना जरूरी है।

(राजकीय मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर व मनोचिकित्सक डॉ. नरवीर यादव के अनुसार)


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button