बदायूं

Budaun News: फुटकर में अब भी टमाटर के दाम 120 रुपये के पार

Connect News 24

Tomato prices still exceed Rs 120 in retail

सब्जी मंडी में बिकने को रखी सब्जियां।

मंडी में दो दिन पहले शासन के निर्देश पर लगाया गया स्टाल, 80 रुपये प्रति किग्रा मिल रहा टमाटर

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। शासन के निर्देश पर मंडी प्रशासन लोगों की सहूलियत के लिए रोजाना स्टॉल लगवा रहा है, जिस पर टमाटर की बिक्री 80 रुपये प्रति किग्रा की जा रही है। इसके विपरीत फुटकर बाजार में टमाटर का दाम अब भी 120 रुपये से अधिक चल रहा है। इसके अलावा अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़त बनाए हैं।

बारिश की वजह से टमाटर समेत अन्य मौसमी फसलें खराब हो गईं। ऐसे में अदरक 300 रुपये तो लहसुन 160 रुपये प्रति किग्रा बिक रहा है। शिमला मिर्च 150 रुपये, परमल 100 रुपये प्रति किग्रा है। हालांकि टमाटर के दाम कुछ नीचे आए हैं। फुटकर में 200 रुपये तक बिकने वाला टमाटर इस समय 120 से 130 रुपये प्रति किग्रा बिक रहा है।

सब्जी विक्रेता इरफान का कहना है कि टमाटर की आवक में अभी कोई फर्क नहीं पड़ा है। ज्यादातर टमाटर बेंगलुरू से आ रहा है। आसपास से आने वाला टमाटर बाजार में नहीं है। इसी कारण इसके दाम नीचे नहीं आ रहे हैं।

इधर, शासन के निर्देश पर मंडी प्रशासन स्टॉल लगवा रहा है। मंडी सचिव प्रभात यादव का कहना है व्यापारियों से बात करके रोजाना सुबह एक स्टॉल लगाया जाता है। वहां पर 80 रुपये प्रति किग्रा के हिसाब से 40 से 50 किग्रा टमाटर बेचा जा रहा है। अभी एक किग्रा से ज्यादा टमाटर किसी को नहीं दिया जा रहा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button