Budaun News: शादी के बाद हरिद्वार में गंगास्नान कर लौटना चाहते थे बराती

मृतक प्रेमपाल का फाइल फोटो।
दातागंज (बदायूं)। बिजनौर में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दातागंज क्षेत्र के तीनों लोगों ने आमोद की शादी कराने के बाद हरिद्वार में गंगा स्नान करने और वहां से लौटते वक्त गेहूं का अच्छा बीज खरीदने की योजना भी बनाई थी। वह यहां से एक पिकअप और बोलेरो में सवार होकर गए थे।
हजरतपुर थाना क्षेत्र की पंचायत नवादा मधुकर के गांव मझरा पट्टी निवासी आमोद पुत्र रामवीरेश की बृहस्पतिवार को हरिद्वार में शादी होनी थी। आमोद के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इसलिए परिवार वाले 10-12 लोगों को ही बरात में ले गए थे। इनमें चुनिंदा रिश्तेदारों और करीबी लोगों ही शामिल थे।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव तालिमगंज निवासी धनपाल (65 वर्ष) और हजरतपुर क्षेत्र के गांव देवचरी निवासी प्रेमपाल (54 वर्ष) समेत कुछ अन्य लोगों ने हरिद्वार में गंगास्नान की योजना बनाई थी। प्रेमपाल के भाई महेश और बेटा रामरहेश ने बताया कि बरात में जाने से पहले उनका कहना था कि वैसे तो कौन हरिद्वार जाएगा, कम से कम आमोद की शादी के बहाने ही वह गंगास्नान कर आएंगे। लौटते वक्त गेहूं का बीज भी खरीद लाएंगे।
आमोद ने अपने लिए बोलेरो और अन्य बरातियों के लिए पिकअप वाहन बुक किया था। बुधवार शाम गांव से रवाना हुई बरात हरिद्वार पहुंच पाती, उससे पहले बिजनौर में उनकी बोलेरो एक ट्रक से टकरा गई। इसमें आमोद के रिश्ते में नाना धनपाल, परिचित प्रेमपाल और उनके मौसा ग्राम कलाकंद निवासी विजय बहादुर (50 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, आमोद, उसके बहनोई उसहैत के परवीन नगला निवासी बबलू और गांव के पुष्पेंद्र घायल हुए हैं। इस हादसे की सूचना महिलाओं को नहीं दी गई है।
दो माह से पट्टी में रह रहे थे धनपाल
धनपाल के दो बेटे हैं। उनकी बेटी जलधारा की शादी पट्टी गांव में हुई थी, जोकि आमोद की चाची लगती हैं। करीब दो माह पहले जलधारा के पति और आमोद के चाचा देव सिंह की मौत हो गई थी। उनके पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं। इसलिए धनपाल पट्टी गांव में ही रह रहे थे।
खेतीबाड़ी और मजदूरी करते थे विजय बहादुर
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव कलाकंद निवासी विजय बहादुर खेतीबाड़ी और मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके एक बेटा और एक बेटी है। बेटे हरिओम की शादी हो चुकी है। बेटी की शादी नहीं हुई है। देवचरी निवासी प्रेमपाल भी खेतीबाड़ी और मजदूरी करते थे। उनके तीन बेटे और दो बेटी हैं।

मृतक प्रेमपाल का फाइल फोटो।

मृतक प्रेमपाल का फाइल फोटो।