Budaun News: सरकारी अस्पतालों में सुविधा नहीं… निजी अस्पतालों में कर्जा लेकर इलाज करा रहे लोग
बदायूं। जिले में डेंगू बेकाबू हो गया है। सरकारी अस्पतालों में इलाज न मिल पाने से लोगों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराना पड़ रहा है। इससे तमाम परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घर में दो-दो तीन-तीन लोगों के डेंगू संक्रमित होने से इलाज के लिए जेवर-जमीन गिरवी रखकर रुपये का इंतजाम करना पड़ रहा है।
शहर से लेकर देहात तक डेंगू का प्रकोप है। संपन्न लोग तो निजी अस्पतालों में इलाज कराने में सक्षम हैं, लेकिन गरीब परिवारों को इलाज के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। मजदूरी या खेती-किसानी पर निर्भर परिवारों पर डेंगू कहर बनकर टूटा है। एक मरीज के इलाज पर 50 हजार से एक लाख रुपये तक खर्च हो रहे हैं। डेंगू पीड़ित परिवारों के लोग जो मेहनत करने के बाद केवल पेट ही भर पा रहे हैं, वे डेंगू संक्रमित होने पर इलाज के लिए गहने गिरवी रख रहे हैं।
अब तक मलेरिया की कुल जांच- 2,89,211
मलेरिया पीवी के मरीज-2347
मलेरिया पीएफ के मरीज-110
अब तक डेंगू की कुल जांच-9826
डेंगू संक्रमित कुल मरीज- 522
फोटो
-पहले मैं खुद डेंगू से पीड़ित हुआ। पत्नी ने समूह से कर्जा लेकर इलाज कराया। जब कुछ हालत ठीक हुई तो पत्नी डेंगू संक्रमित हो गई। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज हो रहा है। समूह से कर्ज पर ली रकम खत्म हो जाने पर इलाज के लिए अब पत्नी के जेवर गिरवी रखने पड़े हैं।
– अशोक, गदरपुरा बिसौली
– घर में चार लोग डेंगू संक्रमित हैं। अब तक लगभग चार लाख रुपये इलाज पर खर्च हो चुके हैं। कर्ज लेकर इलाज कराते रहे। रुपये खत्म होने पर जेवर भी गिरवी रखने पड़ गए हैं। परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है। तीन लोगों का अब भी निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। – लीलावती, मोहम्मदपुर मई
-घर में पांच लोग डेंगू से संक्रमित हैं। सभी का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज कराया। लाखों का कर्ज हो गया है। डेंगू ने बर्बाद कर दिया है। गांव में इलाज के अभाव में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी अस्पतालों में डेंगू के इलाज की कोई सुविधा ही नहीं है। – जाहिद हुसैन, दबतोरा बिसौली
– पति के डेंगू संक्रमित होने के बाद मैं खुद डेंगू की चपेट में आ गई। पति के इलाज के लिए कर्जा लिया लेकिन खुद के इलाज के लिए जेवर भी गिरवी रखने पड़ गए। डेंगू संक्रमित होने के बाद से अभी तक दोनों का उपचार चल रहा है। परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। – राजवती, गदरपुरा बिसौली

राजवती।

राजवती।

राजवती।


