Budaun News: बीए की सीटों को लेकर रहेगी मारामारी
अभी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पोर्टल पर हो रहे हैं पंजीकरण
कॉलेज स्तर से ऑनलाइन नहीं खोली गई है दाखिले की प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक में प्रवेश प्रक्रिया के लिए पोर्टल को शुरू कर दिया गया है। ऐसे में कुछ डिग्री कॉलेज में दाखिले के लिए ऑफलाइन प्रॉस्पेक्टस (विवरण पत्रिका) का वितरण शुरू कर दिया गया है। हालांकि इस बार जिले में बीए की सीटों के लिए मारामारी रहेगी।
जिले में 44 डिग्री कॉलेज हैं, जिनमें शहर के दो समेत छह राजकीय डिग्री कॉलेज हैं। जबकि एक राजकीय डिग्री कॉलेज सहसवान में है। जिनमें हर साल स्नातक में बीए में प्रवेश को लेकर मारामारी रहती है, खासतौर पर शहर के राजकीय डिग्री कॉलेज और राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में प्रवेश के लिए काफी दिक्कत आती है।
राजकीय डिग्री कॉलेज में बीए की 506, बीएसएसपी गणित की 88, बायो की 88 सीट है। जबकि बीकॉम में 132 सीट है। वहीं राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में बीए की 420, बीएससी गणित की 60, बायो 60 सीटें हैं। वहीं नेहरु मेमोरियल शिव नारायण दास डिग्री कॉलेज मेें बीए की 907, बीएससी गणित और बायो की 120-120 और बीकॉम की 120 सीट, जबकि गिंदो देवी महिला डिग्री कॉलेज में 640 सीटें हैं।
नेहरू मेमोरियल शिव नारायण दास डिग्री कॉलेज के प्राचार्य कमलेश कुमार ने बताया कि फिलहाल प्रॉस्पेक्टस का वितरण कराना शुरू कर दिया गया है। प्रवेश की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है।