Budaun News: घंटाघर का होगा सुंदरीकरण, डेढ़ करोड़ से बदलेगी सूरत

शहर के घंटाघर स्थित शकील बदायूंनी पार्क। संवाद
– नगर पालिका प्रशासन ने शहर के खास स्थान को यादगार बनाने की शुरू की तैयारी
– विशेष लाइटिंग कर शकील बदायूंनी पार्क को भी किया जाएगा जगमग
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में अब सबसे पुरानी जगह को यादगार बनाने के लिए पहल शुरू की गई है। पालिका प्रशासन घंटाघर इलाके को विकसित करने जा रहा है। इसके लिए दिल्ली की संस्था से करार किया जा रहा है। यहां डेढ़ करोड़ की लागत से सुंदरीकरण कराया जाएगा।
शहर में अब ऐतिहासिक स्थलों की दशा बदलने की तैयारी की जा रही है। उनको मॉडल रूप दिए जाने का खाका तैयार किया गया है। सबसे पहले नगर पालिका प्रशासन ने शहर के घंटाघर इलाके के सुंदरीकरण कराने की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत यहां पर घंटाघर की बिल्डिंग पर विशेष लाइटिंग की जाएगी तो उसके आसपास हरियाली भी दिखाई देगी। शहर के प्रमुख बाजार में मौजूद इस स्थान को विकसित किया जाएगा।
इसके अलावा नगर पालिका प्रशासन ने शकील बदायूूंनी पार्क का जीर्णोद्धार कराने का प्रस्ताव भी तैयार किया है। सुंदरीकरण के लिए दिल्ली की एक संस्था से करार किया जा रहा है। जल्द ही यह क्षेत्र बदला-बदला दिखाई देगा। यही नहीं यहां पर बिजली न होने पर भी घंटाघर से लेकर आसपास के बाजारों को जनरेटर से सप्लाई देकर पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखी जाएगी।
–
– शहर के प्रमुख स्थलों के सुंदरीकरण कराए जाने की तैयारी की गई है। जल्द ही यहां पर नजारा बदला हुआ दिखाई देगा। घंटाघर को भी मॉडल बनाए जाने की तैयारी कर ली गई है। जल्द ही यहां पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
– डॉ. दीप कुमार, ईओ नगर पालिका