बदायूं

Budaun News: सपा विधायक हिमांशु और एक पूर्व विधायक समेत तीन का कोर्ट में समर्पण

Connect News 24

विधानसभा चुनाव में मतगणना के दौरान हंगामे पर हुई थी रिपोर्ट

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। पिछले साल विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान हुए हंगामे के मामले में अभियुक्त बनाए गए शेखूपुर से सपा विधायक हिमांशु यादव, पूर्व विधायक आशीष यादव और दातागंज विधानसभा सीट से सपा के प्रत्याशी रहे कैप्टन अर्जुन ने एमपी एमएलए कोर्ट में समर्पण कर दिया। कोर्ट ने तीनों को हिरासत में ले लिया, बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान मंडी समिति में मतगणना के दौरान हुए इस मामले में रिटर्निंग ऑफीसर श्यामवीर सिंह ने दो-ढाई सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी गाड़ी को रोककर कार्य में बाधा डालने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की विवेचना के दौरान हिमांशु यादव, आशुतोष मौर्या, कैप्टन अर्जुन के साथ ही बसपा से दातागंज के प्रत्याशी रचित गुप्ता, पूर्व विधायक आशीष यादव और मोहम्मद रिजवान के नाम प्रकाश में आए।

बुधवार को हिमांशु यादव और आशीष यादव ने अपने अधिवक्ता मुकेश यादव के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर किया तो एमपी एमएलए कोर्ट के मजिस्ट्रेट लीलू ने दोनों की जमानत मंजूर कर दी। शुक्रवार को इसी मामले में नामजद कैप्टन अर्जुन यादव ने अपने अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार यादव के जरिये सरेंडर किया। एमपी एमएलए कोर्ट ने अभियोजन और बचाव पक्ष के अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार यादव की बहस सुनने के बाद उनको 25-25 हजार रुपये के दो जमानती और निजी मुचलका दाखिल करने पर रिहा कर दिया। इस मामले में आशुतोष मौर्या, रचित गुप्ता और रिजवान को पहले ही जमानत मिल चुकी है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button