Pilibhit News: बगैर एस्टीमेट लाइन शिफ्टिंग के मामले की जांच को पहुंची टीम
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sat, 30 Sep 2023 12:05 AM IST
पूरनपुर। बगैर एस्टीमेट लाइन शिफ्टिंग के मामले की जांच के लिए शुक्रवार को फिर से टीम अधिशासी अभियंता, एसडीओ बिजली के कार्यालय पहुंची। टीम ने शुक्रवार को लाइनमैनों को बुलाकर पूछताछ की।
नगर की एक कॉलोनी में बगैर एस्टीमेट के लाइन शिफ्ट करने की शिकायत उच्च अफसरों से की गई थी। इसके अलावा एक अफसर पर बिजली बिलों में गड़बड़ी करने, गलत ढंग से कनेक्शन देने के भी आरोप लगाए गए थे। शिकायत की जांच के लिए टीम गठित की गई। इसमें बरेली और पीलीभीत के अफसर शामिल हैं। टीम इससे पहले भी जांच के लिए पूरनपुर आ चुकी है।
शुक्रवार को फिर टीम पीलीभीत के अधिशासी अभियंता सुधीर भारती के नेतृत्व में पूरनपुर पहुंची। टीम ने पूरनपुर के अधिशासी अभियंता से जानकारी ली। शेरपुरकलां उपकेंद्र क्षेत्र के लाइनमैनों को भी बुलाकर पूछताछ की। जांच को लेकर गड़बड़ी करने वालों में खलबली मची हुई है। जांच में गड़बड़ी न पकड़ी जाए, इसको लेकर छोटे कर्मचारियों पर दबाव बनाने की भी चर्चा है। अधिशासी अभियंता सुधीर भारती ने बताया कि जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट उच्च अफसरों को भेजी जाएगी।