Budaun News: बुखार से आशा कार्यकर्ता समेत तीन और की मौत, डेंगू के 10 नए मरीज मिले

हरी सिंह यादव। डेंगू मौत का फाइल फोटो
बदायूं। जिले में बुखार से 48 घंटे के भीतर आशा कार्यकर्ता समेत तीन और लोगों की मौत हो गई। परिजनों ने इन सभी को डेंगू होने की बात कही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इससे इन्कार कर रहा है। इधर, डेंगू के 10 नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़कर 557 हो गई है।
शहर के मोहल्ला टिकटगंज में रहने वाली कमला माहेश्वरी (60) को कई दिनों से बुखार आ रहा था। परिवार के लोगों ने उनका इलाज निजी चिकित्सकों से कराया। हालत में कोई सुधार न होने पर उन्हें मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का कहना है कि वहां जांच के बाद डॉक्टर ने कमला को डेंगू होने की बात कही। मंगलवार रात उनकी मौत हो गई।
मोहल्ले में अब भी करीब 20 लोग बुखार से पीड़ित हैं। इनका निजी चिकित्सकों के यहां इलाज चल रहा है। इधर, उझानी क्षेत्र के गांव फूलपुर निवासी आशा कार्यकर्ता गीता देवी (40) को चार दिन पहले बुखार आया था। परिवार के लोगों ने उन्हें बदायूं के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार देर शाम उनकी मौत हो गई। उधर, बिसौली क्षेत्र के गांव करलाबाला निवासी हरि सिंह यादव (58) वर्ष को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। पहले स्थानीय डाॅक्टरों से इलाज कराया, लेकिन डेंगू की पुष्टि होने पर उन्हें चंदौसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
मलेरिया विभाग ने की फाॅगिंग, लार्वा किया नष्ट
मलेरिया विभाग ने ब्लाॅक जगत के गांव खिरिया रहलू में फॉगिंग की, वहीं घर-घर लार्वा चेक किया। टीम ने लार्वा को मौके पर ही नष्ट कराया और लोगों को पंफलेट बांटकर संक्रमण के प्रति जागरूक किया। गांव में साफ-सफाई करने कराने के लिए प्रधान से कहा। इधर, इस्लामगंज में टीम ने लार्वा चेक किया।
गनगोला में चला सफाई अभियान
गनगोला में बुधवार को सामूहिक सफाई और एंटी लार्वा नष्ट करने के लिए अभियान चलाया गया। गांव में एक महीने के अंदर करीब 12 लोगों की बुखार से मौत हो चुकी हैं। जिला मलेरिया अधिकारी योगेश सारस्वत ने बताया कि गनगोला गांव में 40-50 सफाई कर्मी लगाकर पूरे गांव की सफाई कराई जा रही है। घर-घर लार्वा चेक किया गया। एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया गया।

हरी सिंह यादव। डेंगू मौत का फाइल फोटो

हरी सिंह यादव। डेंगू मौत का फाइल फोटो