बदायूं

Budaun News: बुखार से विवाहिता समेत तीन और की मौत, डेंगू के 16 नए मरीज मिले

Connect News 24

बदायूं। बुधवार को बुखार से विवाहिता समेत तीन और लोगों की मौत हो गई। एक तरफ प्राइवेट लैब से डेंगू की पुष्टि हो रही है तो दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग डेंगू मानने को तैयार नहीं है। हालांकि परिजन मौत का कारण डेंगू ही बता रहे हैं। बुधवार को जिले भर में डेंगू के 16 मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़कर 475 हो गई है।

वजीरगंज ब्लाॅक क्षेत्र के गांव उदयपुर मायके में आई विवाहिता रोमाना बेगम (28) को तीन दिन पहले बुखार आया। परिवार के लोग उनको बिसौली के निजी चिकित्सक के यहां ले गये जहां जांच में वह डेंगू संक्रमित पाई गई। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग बरेली के निजी अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई।

आमगांव निवासी हरप्रसाद की पत्नी जसोदा को तीन दिन पहले बुखार आया था। परिवार के लोग उनका इलाज करा रहे थे कि बुधवार को उनकी मौत हो गई। इसी गांव में रहने वाली युवती इति पटेल (20) को चार दिन पहले बुखार आया तो परिवार के लोग उसको बदायूं के प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां उसका इलाज चल रहा था।

इलाज के दौरान हालत बिगड़ी तो परिवार वाले उसको बरेली ले गए जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। इधर, बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की 23 टीमों ने जिले भर में कैंप लगाकर 537 बुखार के मरीजों की जांच की, जिसमें छह मलेरिया पीवी के मरीज सामने आए तो वहीं एलाइजा जांच में 16 मरीज डेंगू संक्रमित मिले।

कीट विज्ञानी ने जांच के लिए पकड़े मच्छर

मलेरिया विभाग द्वारा ब्लाॅक उझानी के गांव मानकपुर और शेखूपुर में कीट विज्ञानी अभिषेक कुमार तथा निरीक्षक अमित कुमार तिवारी द्वारा भ्रमण किया गया । आशा के साथ दस्तक अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों का निरीक्षण किया और जांच के लिए मच्छर पकड़े गए। लार्वा सोर्स रिडक्शन का कार्य किया गया। गांव में पंफलेट वितरण के माध्यम से मच्छर जनित बीमारियों से बचने की जानकारी प्रदान की गई।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button