Budaun News: एक ही रात में गांव से तीन महिलाएं गायब, एक वापस आई
बदायूं/दातागंज। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से एक ही रात में तीन महिलाएं गायब हो गईं। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो इसी दौरान एक महिला अपने घर वापस आ गई। जांच में पता चला कि एक टैक्सी चालक महिलाओं को अपने साथ ले गया था। घर लौटी महिला से पुलिस पूछताछ कर रही है, लेकिन बदहवास हालत में लौटी महिला ठीक से कुछ नहीं नहीं बता पा रही है।
दातागंज क्षेत्र में ही टैक्सी चलाने वाले युवक का गांव में आना-जाना था। बृहस्पतिवार रात भी वह गांव आया था। उसने एक घर में खाना खाया और वहीं रुक गया। इसी रात किसी समय गांव की तीन महिलाएं एक साथ गायब हो गईं। शुक्रवार सुबह मामले की जानकारी होने पर गांव में खलबली मच गई। ग्रामीणों ने टैक्सी चालक को देखा तो वह भी गायब था। इस पर संदेह जताया गया कि टैक्सी चालक ही तीनों महिलाओं को ले गया है।
ग्रामीणों ने मामले की जानकारी दी तो पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने महिलाओं की खोजबीन शुरू की। इसी बीच एक महिला गांव वापस आ गई। पुलिस ने गांव पहुंचकर महिला से पूछताछ की, लेकिन वह कुछ बता नहीं पा रही है। पुलिस का कहना कि महिला की हालत सामान्य होने पर उससे फिर पूछताछ की जाएगी। बाकी दोनों महिलाओं की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
तीन महिलाएं एक साथ चली गई थीं। इनमें एक महिला वापस आ गई है। बाकी दोनों महिलाओं की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें अलग-अलग दिशा में जांच कर रही हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। – कर्मवीर सिंह, सीओ दातागंज