Budaun News: चालकों की कमी दूर करने के लिए आज खुली भर्ती करेगा परिवहन निगम
बदायूं। परिवहन निगम ने रोडवेज बसों की संख्या बढ़ने के बाद चालकों की कमी दूर करने की तैयारी कर ली है। शुक्रवार को बस स्टैंड पर चालकों की खुली भर्ती होगी। चालकों का टेस्ट लिया जाएगा। पास होने वाले चालकों की भर्ती की जाएगी।
दिवाली के मौके पर परिवहन निगम को सात नई रोडवेज बसें मिली थीं। इससे पहले दो बसें मिली थीं। इससे बदायूं डिपो के बेड़े में बसों की संख्या बढ़कर 158 हो गई है। इनमें 43 अनुबंधित बसें हैं। परिवहन निगम के पास 221 चालक और 258 परिचालक हैं। प्रतिदिन एक बस पर एक चालक और एक परिचालक रवाना होते हैं। लंबे रूट पर जाने वाली बस पर दो चालक और दो परिचालकों की आवश्यकता पड़ती है।
एक चालक और एक परिचालक को दूसरे दिन विश्राम दिया जाता है। जब से परिवहन निगम को नई बसें मिली हैं। तब से रिलीवर मिलना मुश्किल हो गई है। चालक-परिचालक भी दिनरात बसों पर चलकर थक गए हैं। इससे परिवहन निगम ने चालकों की सीधी भर्ती करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को खुली भर्ती होगी। इसके लिए कक्षा आठ पास तक के चालक आवेदन कर सकते हैं। उनके पास दो साल पुराना हैवी लाइसेंस होना चाहिए।
– बसें बढ़ने से चालकों में कमी आई है। इससे खुली भर्ती करने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को बस स्टैंड पर खुली भर्ती होगी। मानक के अनुसार जो आवेदक खरे उतरेंगे, उन्हें भर्ती किया जाएगा। – धणेंद्र कुमार चौबे, एआरएम परिवहन निगम