Pilibhit News: साल भर किया जागरूक, फिर भी महज 10 पुरुषों ने कराई नसबंदी
अप्रैल से अक्तूबर तक 838 महिलाएं करा चुकी हैं नसबंदी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जनपद में पुरुष नसंबदी की स्थिति बहुत ही खराब है। पूरे साल में महज 10 पुरुषों ने ही नसंबदी कराई। इसमें भी पांच पुरुषों ने नसबंदी पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत नसबंदी कराई । यह हाल तब है जब पूरे साल स्वास्थ्य विभाग नसबंदी कराने के लिए पुुरुषों को जागरूक करता रहा।
अप्रैल से अब तक जहां मात्र 10 पुरुषों ने नसबंदी कराई हैं, वहीं अप्रैल से अक्तूबर तक 838 महिलाएं नसबंदी करा चुकी हैं। हर साल यही स्थिति रहती है। तमाम जागरूकता अभियान के बाद भी नसबंदी कराने के लिए पुरुष आगे नहीं आते।
पुरुष नसबंदी के लिए 21 नवंबर से चार दिसंबर तक पखवाड़ा चलाया गया। पुरुषों को नसबंदी कराने के लिए जागरूक करने के लिए कई जगह कार्यक्रम किए गए। बावजूद इसके तमाम मेहनत के बाद भी महज मात्र पांच पुरुष ही नसबंदी के लिए आगे आए, जबकि महिलाएं इनसे काफी आगे रहीं।
पिछले दो सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में 1678 महिलाओं की जबकि 12 पुरुषों की नसबंदी हुई। इसी तरह वर्ष 2022 में 1533 महिलाओं और महज 13 पुरुषों ने नसबंदी कराई। वहीं वर्ष 2023 में अक्तूबर महीने तक 838 महिलाओं ने जबकि महज 10 पुरुषों ने नसबंदी कराई थी।
सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि अप्रैल से अब तक 10 पुरुषों की नसबंदी हुई हैं, इसमें पांच पुरुषों ने पखवाड़े के दौरान नसबंदी कराई है।
–
पुरुषों को नसबंदी कराने पर तीन हजार रुपये दे रही सरकार
नसबंदी कराने पर सरकार की ओर से पुरुषों को तीन हजार रुपये दिए जाते हैं, जबकि महिला नसबंदी पर दो हजार रुपये दिए जाने की व्यवस्था है। इसके अलावा पुरुषों को नबसंदी के लिए प्रेरित करने वाले को 400 रुपये और महिलाओं को प्रेरित करने वाले को 300 रुपये दिए जाते हैं।
–
पांच नसबंदी कराकर मंडल में दूसरे स्थान पर रहा पीलीभीत
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पुरुष नसबंदी के मामले में अपना पीलीभीत मंडल में दूसरे स्थान पर है। चार दिसंबर तक चलाए गए पुरुष नसबंदी पखवाड़े में मंडल में शाहजहांपुर ने सबसे अधिक आठ पुरुषों ने नसबंदी कराई। जबकि पीलीभीत में पुरुषों की पांच नसंबदी के साथ दूसरे स्थान पर है।