Budaun News: उझानी में डीजे समेत पलटी ट्रॉली, पांच कांवड़िये घायल

उझानी में बदायूं रोड पर ट्रॉली से सड़क पर गिरा डीजे साउंड सिस्टम।
उझानी (बदायूं)। कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के एक-दूसरे से आगे निकालने की होड़ में बदायूं रोड पर रविवार पूर्वाह्न हादसा हो गया। आंवला क्षेत्र के कांवड़ियों की ट्रॉली पर लगा डीजे साउंड हिला तो ट्रॉली समेत पूरा सिस्टम सड़क पर पलट गया। इसमें एक किशोर समेत पांच कांवड़िये घायल हो गए।
बदायूं रोड पर जिरौली मोड़ से पहले बरेली जिले के आंवला क्षेत्र के गांव मानपुर और अजुध्या निवासी कांवड़ियों की दो टोलियों का अलग-अलग वाहनों पर डीजे साउंड सिस्टम लगा था। बताते हैं कि एक ढावे के सामने से दोनों वाहनों के चालकों में आगे निकलने की होड़ शुरू हो गई। तभी मानपुर के ट्रैक्टर चालक ने रफ्तार बढ़ाई तो अजुध्या निवासी कांवड़ियों के ट्रैक्टर को उसके चालक ने साइड में लेने की कोशिश की। इसी दौरान उसकी ट्रॉली मय डीजे साउंड सिस्टम के साथ पलट गई। दो-तीन कांवड़िया डीजे साउंड सिस्टम की चपेट में आ गए।
भनक लगते ही पुलिस कर्मी भी पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों कांवड़ियों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घायल कांवड़ियों में दीपक (14) पुत्र ब्रजपाल और अजय (16) पुत्र साहब सिंह को भर्ती कर लिया गया। तीन कांवड़ियों के मामूली चोट आने पर उन्हें घर भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी कांवड़िया को कोई खास चोट नहीं है। परिवार के लोग उन्हें अपने साथ घर ले गए।
अन्य हादसे में स्नानार्थियों समेत छह शिवभक्त लहूलुहान
बरेली-मथुरा हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर रविवार दोपहर तक तीन हादसे हुए। कोतवाली क्षेत्र के गांव बुटला निवासी देव सिंह ई-रिक्शा में सवारियों को बैठाकर गंगा स्नान कराने के लिए निकला। जुनइया मोड़ के पास साइकिल सवार कांवड़िया को बचाने की कोशिश में ई-रिक्शा पलट गया। चालक देव सिंह घायल हो गया। सवारियों में किसी के चोट नहीं आई है। बुटला के पास बाइक फिसल जाने से बाइक सवार रूपेश, महेंद्र, उसकी पुत्री पायल, पुत्र प्रशांत घायल हो गए। चारों एक ही बाइक से जल लेने के लिए कछला को निकले थे। छतुइया रेल फाटक के पास कांवड़ियों की पिकअप से गिरकर पीलीभीत जिले में जैतपुर निवासी राकेश का सीएचसी पर प्राथमिक उपचार कराया गया है।