Budaun News: नलकूप की मोटर फुंकी, जलापूर्ति ठप

उझानी में पालिका गेट वपर प्रदर्शन करते गद्दीटोला मोहल्ले के लोग। संवाद
उझानी (बदायूं)। गद्दीटोला मोहल्ले में कांशीराम आवासीय परिसर स्थित नलकूप की मोटर फुंक जाने से इलाके में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। दूसरे दिन भी पेयजल की किल्लत से गुस्साए इलाके के लोगों ने महिलाओं के साथ आकर पालिका कार्यालय का घेराव कर लिया। हंगामा और घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक भी हो गई।
काॅलोनी के नलकूप से ही गद्दीटोला समेत आसपास इलाके के घरों तक पेयजल आपूर्ति जाती है। मोहल्ले के रामऔतार शर्मा ने बताया कि नलकूप रविवार सुबह फुंक गया। इसके एक दिन पहले से ही नलकूप में दिक्कत की वजह से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। काॅलोनी समेत आसपास के लोगों ने नलकूप ऑपरेटर से इसे लेकर शिकायत की, लेकिन उन्होंने किसी ने भी नागरिकों की दिक्कतों पर गौर नहीं किया।
इससे गुस्साए महिलाओं के साथ कई लोग सोमवार दोपहर पालिका कार्यालय पहुंचे। पालिका गेट पर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों की पालिका कर्मियों से नोकझोंक हो गई। प्रदर्शनकारियों ने ईओ अब्दुल सबूर और जलकल प्रभारी नफीस अहमद को भी पेयजल किल्लत से हो रही दिक्कतें बताईं। ईओ ने जल्द ही आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है। छुन्नू बेगम, आशिया, लक्ष्मी, मुश्ताक, अजीत, कमला, मेहरूनिशा, गिरजा देवी, रेनू, सचिन और अनीता आदि मौजूर रहे।
काॅलोनी में पहुंचाया पेयजल का टैंकर
नलकूप फुंकने के बाद नगर पालिका परिषद की ओर से सोमवार सुबह पेयजल का एक टैंकर भेज दिया गया। लोगों से कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर एक और टैंकर उपलब्ध रहेगा। नलकूप की मोटर ठीक होने तक वैकल्पिक व्यवस्था रहेगी। जलकल प्रभारी नफीस अहमद ने बताया कि मंगलवार शाम तक नलकूप का मोटर ठीक हो जाएगा।