Budaun News: कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
उझानी। बरेली-मथुरा हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों लहूलुहान हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा बृहस्पतिवार देर शाम गांव बुटला के पास हुआ। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव भगवतीपुर निवासी दिनेश सिंह (27) और अमरजीत (24) कासगंज में आयोजित शादी में शामिल होने के लिए बाइक से निकले। बाइक दिनेश चला रहा था। अचानक सामने से कार की टक्कर से बाइक सवार दिनेश और अमरजीत लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद चालक कार बदायूं की ओर भगा ले गया। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हेलमेट लगाए होने की वजह से दिनेश के सिर में चोट नहीं आई, जबकि अमरजीत के सिर में भी चोट लगी है। संवाद