Budaun News: दातागंज से शाहजहांपुर को जोड़ने वाले दो पुलों का रास्ता हुआ बंद

नगरिया खनू में खेतो में भरा बाढ़ का पानी। संवाद
करीब 60 गांवों के लोग प्रभावित, सड़कों पर कई किमी तक भरा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कई दिनों तक पूरी तरह से शांत रहने के बाद एक बार फिर रामगंगा ने विकराल रूप धारण कर लिया है। बुधवार शाम को रामगंगा में आई बाढ़ का पानी नगरिया खनू के मजरा अखट में घुस गया, जिसकी वजह से ग्रामीण परेशान रहे। वहीं दातागंज से शाहजहांपुर को जोड़ने वाले दो पुलों के रास्तों पर भी पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो गया। इधर, मुड़ा से फरीदपुर जाने वाला पहुंच मार्ग कट जाने से भी रास्ता बंद है।
जिले में लगातार दो माह तक गंगा खतरे से निशान से ऊपर बहती रही, जिसकी वजह से कई दर्जन घर बाढ़ की भेंट चढ़ गए। पिछले 15 दिनों से गंगा खतरे के निशान से काफी नीचे चल रही थी। यही हाल रामगंगा का था। वह भी शांत चल रही थी, लेकिन अब रामगंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। इस समय रामगंगा 161.080 मीटरगेज पर बह रही है हालांकि खतरे का निशान 163 मीटर पर है।
इसकी वजह से क्षेत्र में सैकड़ों बीघा फसल इसकी चपेट में आ गई है। हजरतपुर से कुड़रा मजरा पुल और नगरिया खनू से लालपुर खादर जाने वाले पुल के रास्ते पर भी पानी पूरी तरह से भर गया है, जिसकी वजह से दातागंज से शाहजहांपुर को जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। इससे दोनों जिलों के करीब 60 गावों के लोग प्रभावित हैं।
–
तीन फुट तक भरा पानी
कुड़रा मजरा से गढि़या रंगीन को जाने वाले मार्ग पर काफी ज्यादा पानी भरा है। मार्ग नीचा होने की वजह कई जगहों पर तीन-तीन फुट तक पानी भर गया है। पानी का बहाव तेज होने की वजह से वाहन भी उधर से नहीं निकल पा रहे हैं। इधर, नगरिया खनू के मजरा अखट में बुधवार शाम को बाढ़ का पानी गांव में घुस गया, जिसकी वजह से लोगों का परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगाें ने इसकी जानकारी तहसील से लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों को दी है। ताकि उनकी मदद की जा सके।
–
सार्वजनिक शौचालय में रह रहा परिवार
ग्राम पंचायत (घमी पट्टी) नगरिया खनू निवासी सुरजीत का घर गांव के बाहर बना है। ऐसे में वह बाढ़ की चपेट में आ गया है। उसके झोंपड़ीनुमा घर के चारों तरफ पानी भर गया है, जिसकी वजह से सुरजीत अपने परिवार के साथ में सार्वजनिक शौचालय में रहने लगे हैं। उन्होंने वही चारपाई डाल ली है।

नगरिया खनू में खेतो में भरा बाढ़ का पानी। संवाद

नगरिया खनू में खेतो में भरा बाढ़ का पानी। संवाद