Budaun News: ओवरलोड दौड़ रहे थे वाहन, छह का चालान, तीन सीज

भामाशाह चौक पर वाहनों का चालान करते एआरटीओ अंबरीश कुमार। संवाद
एआरटीओ ने बुधवार को चलाया चेकिंग अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बुधवार को एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीश कुमार ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नौ वाहन ओवरलोड दौड़ते हुए पकड़े गए। उनमें छह का चालान करने के साथ तीन को सीज कर दिया गया। करीब 2.75 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीश कुमार ने अभियान की शुरुआत मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर की। उन्होंने बिसौली कोतवाली क्षेत्र में एक-एक करके चार ओवरलोड वाहन पकड़े। उनमें तीन वाहनों का चालान कर दिया गया। एक वाहन चालक जुर्माना जमा करके अपना वाहन ले गया।
एआरटीओ वाहन चेकिंग करते हुए बिसौली से बदायूं तक आए। इसके बाद उन्होंने भामाशाह चौराहा और शहर के अलग-अलग स्थानों पर वाहन चेकिंग की। भामाशाह चौक पर एक ओवरलोड इको कार पकड़ी गई। कई निजी बसों को भी चेक किया गया। दोपहर बाद तक हुई चेकिंग में छह वाहनों का चालान किया गया तो तीन को सीज कर दिया गया।
इस दौरान करीब 2.75 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। एआरटीओ ने बताया कि बुधवार को केवल ओवरलोड वाहनों को चेक किया गया था। इसके तहत परिवहन विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है।