Budaun News: टाटा मैजिक और टेंपो की भिड़ंत में दो की मौत, पांच घायल
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Tue, 31 Oct 2023 12:35 AM IST

मृतक हरिश्चंद्र फाइल फोटो।
कादरचौक। टाटा मैजिक और टेंपो की आमने सामने हुई भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि दोनों वाहनों के चालकों समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक टाटा मैजिक बदायूं की तरफ जा रही थी। जबकि टेंपो बदायूं से कादरचौक की तरफ आ रहा था। मैजिक में केवल उसका चालक था। जबकि टेंपो में करीब आठ सवारी मौजूद थीं। सरकी गांव के पास स्थित पुलिया पर दोनों वाहनों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद टेंपों की सवारियां छितरकर इधर-उधर जा गिरीं और उनमें चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। हादसे में गांव बरौरा निवासी हरिश्चंद्र (58) और असरासी निवासी बुधपाल (45) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टेंपो चालक समेत लभारी निवासी सत्यवती, रोटा निवासी जयश्री व कादरचौक निवासी कृष्णपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया है। दोनों वाहनों के चालकों के नाम पता नहीं चल सके हैं। मृतक हरिशचंद्र खेतीबाड़ी करके अपना परिवार चलाते थे। उनके तीन बेटे हैं जबकि बुधपाल असरासी स्थित गोशाला में केयरटेकर थे। उनके परिवार में दो लड़के व तीन लड़कियां हैं। सभी अविवाहित हैं। इसके अलावा असरासी बिजली उपकेंद्र के सामने बाइक और साइकिल की टक्कर होने से बाइक सवार इशाकत (21) व शाने आलम (20) गम्भीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी मेडिकल कालेज भेजा गया है।

मृतक हरिश्चंद्र फाइल फोटो।