Budaun News: सड़क हादसे में गुड़ व्यापारी समेत दो लोगों की मौत

मृतक अवनीश गुप्ता का फाइल फोटो।
– नगीना धामपुर से गुड़ लाते वक्त मुुरादाबाद में हुआ हादसा
– गनगोला रोड के व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर जताया शोक
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज। कस्बे के रहने वाले गुड़ व्यापारी और वाहन चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीखपुकार मच गई। गुड़ व्यापारी की मौत की खबर सुनते ही गनगोला रोड के व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर शोक व्यक्त किया।
दातागंज के कांसपुर रोड निवासी गुड़ व्यापारी 40 वर्षीय अवनीश गुप्ता पुत्र रतनलाल गुप्ता का गनगोला रोड पर गुड़ की आढ़त है। शुक्रवार को वह गुड़ की खरीददारी करने के लिए नगीना धामपुर गए थे। उनके साथ लोडर वाहन चालक 42 वर्षीय इकरार निवासी आजमपुर बिसारिया थाना हजरतपुर भी गया था। दोनों गुड़ लेकर वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान मुरादाबाद में गुड़ लदा वाहन खराब हो गया। वाहन खराब होने पर वह वाहन से उतरकर रोड किनारे खड़े हो गए। इसी दौरान एक वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मुरादाबाद पुलिस ने शुक्रवार की रात करीब तीन बजे मृतकों के परिजनों को सूचना दी तो वह रोते-बिलखते मुरादाबाद को रवाना हो गए। शनिवार शाम उनके शव यहां लाए गए। इधर, हादसे की जानकारी होते ही व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर शोक जताया।

मृतक अवनीश गुप्ता का फाइल फोटो।