Budaun News: एक मॉडल शॉप के लिए गांव में दो-दो जगह बन रहीं दुकानें

आसफपुर ग्राम पंचायत में मॉडल शॉप का दूसरी जगह चल रहा निर्माण। संवाद
– जिला पंचायत राज अधिकारी और तहसील ने की ग्रामीणों को समझाने की कोशिश, पर नहीं बनी बात
संवाद न्यूज एजेंसी
आसफपुर। शासन के निर्देशानुसार स्थायी रूप से राशन वितरण के लिए एक ग्राम पंचायत में एक मॉडल शॉप बनाई जानी है। इसको लेकर ग्राम पंचायत आसफपुर में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक तरफ के लोग गोशाला के नजदीक दुकान बनवाना चाहते हैं तो दूसरे पक्ष के ग्राम सभा की बंजर भूमि पर जूनियर हाईस्कूल के पास।
ग्राम सभा सदस्यों का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर प्रधान आबादी से दूर मॉडल शॉप का निर्माण कार्य करा रहे हैं, जबकि राशन कोटेदार का पक्ष है कि वह बंजर भूमि पर निर्माण करा रहा है। अब दो जगह निर्माण होने से मॉडल शॉप निर्माण में पेच फंस गया है। गांव में मचे घमासान की खबर जब अधिकारियों तक पहुंची, तो शुक्रवार को जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा गांव पहुंचीं। उन्होंने दोनों जगह हो रहे मॉडल शॉप के निर्माण कार्य को देखा।
वहीं बिसौली तहसीलदार अशोक कुमार सैनी ने गांव पहुंचकर दोनों पक्षों से बात करने का प्रयास किया, लेकिन मामला न बनता देख दोनों ही अधिकारी वापस लौट गए। मॉडल शॉप को लेकर गांव दो हिस्सों में बंट सा गया है।
ग्राम सभा की बंजर भूमि पर जो निर्माण कार्य शुरू हुआ है, वह सही है। इससे पहले प्रधान द्वारा जो कार्य निर्माण कराया गया था। वहीं सही नहीं था।
-अशोक सैनी, तहसीलदार

आसफपुर ग्राम पंचायत में मॉडल शॉप का दूसरी जगह चल रहा निर्माण। संवाद