Budaun News: गंगा एक्सप्रेस-वे पर मौत के शिकार हुए मजदूर का शव रखकर हंगामा

गंगा एक्सप्रेस-वे पर आक्रोशित गांव वाले जाम लगाने का प्रयास करते हुऐ। संवाद
– परिजनों ने निर्माणी संस्था के खिलाफ की नारेबाजी, अंत्येष्टि से किया इन्कार
– शुक्रवार को डंपर से कुचलकर हो गई थी कंजुआ गांव के वीरेश की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
सैदपुर। शुक्रवार को वजीरगंज थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर काम कर रहे मजदूर की डंपर से कुचलकर मौत हो गई थी। शनिवार को मृतक के परिजन शव लेकर वापस निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस वे पहुंचे और निर्माणी संस्था के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। वह कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे और शव की अंत्येष्टि करने से इन्कार कर दिया। किसी तरह पुलिस ने उनको समझाकर शांत किया।
शुक्रवार को गंगा एक्सप्रेस-वे पर काम कर रहे कंजुआ गांव निवासी वीरेश को डंपर ने कुचल दिया था। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मजदूर की मौत के बाद उसके परिजनों ने डंपर चालक पर शराब पीकर डंपर चढ़ाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। काफी देर तक हंगामे के बाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर परिजनों ने शव उठने दिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिजन तमाम ग्रामीणों के साथ निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे के पास पहुंचे और रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजन कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस अधिकारियों ने उनको कार्रवाई के साथ ही सरकार से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया तो उन्होंने शव का अंतिम संस्कार किया।



