बदायूं

Budaun News: निजी अस्पताल में नवजात की मौत, हंगामा

Connect News 24

– परिवार वालों ने लगाया लापरवाही का आरोप, पहुंची पुलिस

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। शहर में शनिवार को पनबड़िया उपकेंद्र के नजदीक निजी अस्पताल में एक नवजात बच्चे की मौत हो गई, जिससे परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने डॉक्टर समेत स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई लेकिन बाद में उन्होंने कार्रवाई से इन्कार कर दिया।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मढ़ई चौक निवासी शेखर ने शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी पत्नी खुशबू को पनबड़िया विद्युत उपकेंद्र के नजदीक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। शेखर का कहना है कि अपराह्न करीब तीन बजे उसकी पत्नी का प्रसव हुआ लेकिन इससे पहले डॉक्टर से लेकर स्टाफ ने खूब लापरवाही बरती। उनकी पत्नी की हालत खराब हो रही थी। वह लगातार उसे रेफर करने की कह रहे थे लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। और तो और कोई कर्मचारी या डॉक्टर उसे देखने तक नहीं पहुंचा। काफी कहने पर उसकी पत्नी की डिलीवरी कराई गई लेकिन इसके कुछ देर बाद उनके नवजात बच्चे की मौत हो गई। इस पर परिवार वालों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। उन्होंने डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसकी सूचना पर कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार तोमर पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने समझा बुझाकर परिवार वालों को शांत किया। शेखर ने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं। यह तीसरी डिलीवरी थी। बेटा हुआ लेकिन डॉक्टर की लापरवाही से उसकी मौत हो गई। बाद में उन्होंने कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। बताते हैं कि इस अस्पताल में अब तक कई बच्चों और महिलाओं की मौत हो चुकी है लेकिन अभी तक संचालक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button