Budaun News: प्रमुख इमारतों की दीवारों पर बनेंगे वर्टिकल गार्डन

कलक्ट्रेट की दीवार पर बना वर्टिकल गार्डन। संवाद
बदायूं। शहर की प्रमुख सरकारी इमारतों की दीवारों पर वर्टिकल गार्डन बनाए जाएंगे। इन्हें बनाने के लिए बंगलुरू की एक कंपनी से करार किया जा रहा है। जल्द ही कार्यदायी संस्था से समझौता होने के बाद इस पर कार्य शुरू हो जाएगा।
शहर में हरियाली दूर-दूर तक दिखाई नहीं देती। वाहन रोजाना प्रदूषण फैला रहे हैं। इसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने वर्टिकल गार्डन बनाने की तैयारी की है। इन्हें बनाने के लिए शहर की प्रमुख इमारतें चिह्नित की जा रही हैं। सभी प्रकार के पौधों को हुक वाले गमलों में लगाकर वर्टिकल गार्डन तैयार किया जाएगा। इससे शहर नए लुक में नजर आएगा। शहर में वर्टिकल गार्डन की शुरुआत नगर पालिका कार्यालय से होगी। इसके बाद शहर की अन्य इमारतों पर वर्टिकल गार्डन बनाए जाएंगे।
कम जगह का विकल्प है वर्टिकल गार्डन
शहरी क्षेत्र में लोगों के पास जगह कम होती है। ऐसे में वर्टिकल गार्डन का विकल्प बेहतर रहता है। इसमें दीवार पर स्टैंड लगाकर उनमें प्लांट लगाए जाते हैं। पौधों की सिंचाई के लिए प्लांट स्टैंड से ही पानी की सप्लाई दी जाती है। इसके लिए अलग से पंपिंग सिस्टम लगता है। शहर में प्रदूषण दूर करने के साथ ही हरियाली लाने के लिए वर्टिकल गार्डन बनाने की योजना तैयार की गई है। बंगलुरू की कंपनी से इसके लगाए जाने की बात हुई है। जल्द ही इस दिशा में कार्य शुरू करा दिया जाएगा। – डॉ. दीप कुमार, ईओ