Budaun News: पुलिस नहीं, अधिकारी तक करा रहे सट्टा … सिपाही का यह कहते हुए वीडियो वायरल
बदायूं। सहसवान कोतवाली में तैनात सिपाही के सट्टे को लेकर वायरल वीडियो ने महकमे में खलबली मचा दी है। इसमे सिपाही किसी से सट्टा कराने के नाम पर सौदेबाजी करते हुए कहता दिख रहा है कि यहां की छोड़ो आईजी, डीआईजी तक सट्टा करा रहे हैं।
सोमवार को वायरल हुए इस वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि सहसवान कोतवाली में तैनात सिपाही सट्टा की रकम वसूलने एक स्थान पर जाता है। वहां मौजूद कुछ लोग कह रहे हैं कि पहले उनसे तीन हजार रुपये मांगे गए थे, बाद में 2500 और फिर 1500 रुपये मांगे जाने लगे। सिपाही से वे पूछ रहे हैं कि जब आपसे बात हो गई थी तो दूसरे लोग क्यों पैसे मांग रहे हैं।
इस बात पर सिपाही गाली-गलौच करते हुए कहता है कि उससे क्या मतलब है जब पांच हजार रुपये में बात हो गई तो वह पैसे क्यों मांग रहा है। इसी दौरान सिपाही कह रहा है कि सट्टा कोई यहीं की पुलिस थोड़े ही करा रही है आईजी, डीआईजी तक सट्टा करा रहे हैं। इस तरह का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे की जमकर फजीहत हो रही है। इस संबंध में एसएचओ विशाल प्रताप सिंह का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। संवाद
वर्जन
एडिट वीडियो है। जिसने बनाया है, उसकी तलाश की जा रही है। वीडियो की जांच के बाद जो भी दोषी निकलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। – डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी