Budaun News: ग्राम प्रधान का हत्यारोपी नन्हे गिरफ्तार
वजीरगंज। ग्राम प्रधान का हत्यारोपी नन्हे बाबू बुधवार को पकड़ा गया। थाना पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। अभी उसे जेल नहीं भेजा गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव लखनपुरा में नौ नवंबर की रात ग्राम प्रधान शिवचरण की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। उस दौरान ग्राम प्रधान अपने घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। दूसरे दिन सुबह करीब छह बजे उनकी बेटी बैठक में माचिस लेने गई तो उसने अपने पिता का खून से लथपथ शव पड़ा देखा था।
प्रधान के परिवार वालों ने गांव के नन्हे बाबू पर हत्या का शक जताया था। वारदात के बाद नन्हे परिवार समेत फरार हो गया। बुधवार को पुलिस ने उसे दबोच लिया। थाना पुलिस अभी उससे पूछताछ कर रही है। अभी उसका बयान सामने नहीं आया है।