Budaun News: जलभराव से परेशान रमनगला के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

जलभराव की समस्या को लेकर प्रदर्शन करते रमनगला के ग्रामीण। संवाद
कहा- आने-जाने में होती है दिक्कत, संक्रामक रोग फैलने का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव रमनगला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को गांव में जलभराव की समस्या को लेकर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़कों पर कीचड़ होने के कारण लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसमें सबसे ज्यादा परेशानी गांव के बच्चों एवं महिलाओं को उठानी पड़ती है। बच्चों के कपड़े भी कीचड़ और गंदगी से काफी खराब हो जाते है।
यही नहीं लंबे समय तक सड़कों पर जलभराव की समस्या के कारण मक्खी और मच्छरों का संख्या में भी काफी इजाफा हो गया है। जिसके कारण गांव में हमेशा संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की। इसके बाद भी किसी ने उनकी समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया।
प्रदर्शन करने वालों में गांव के नन्नू सिंह, बदन सिंह, धूम सिंह, ब्रजेश, राकेश, सुखपाल, भूरेलाल, सत्यपाल, ओमपाल आदि शामिल रहे।