Budaun News: सिमर्रा भोजपुर के ग्रामीणों पर विद्युत उपकेंद्र में तोड़फोड़ का आरोप

बिल्सी कोतवाली में जाकर तहरीर देते नागरझूना विद्युत उपकेन्द्र के पीड़ित कर्मचारी
जेई और एसएसओ ने की आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव नागरझूना विद्युत उपकेंद्र पर सोमवार रात क्षेत्र के गांव सिमर्रा भोजपुर में बिजली आपूर्ति को लेकर कुछ ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। आरोप है कि ग्रामीणों ने उपकेंद्र के अंदर रखे सरकारी अभिलेखों को नष्ट कर दिया। मंगलवार को उपकेंद्र पर तैनात जेई और एसएसओ ने कोतवाली पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जेई संतोष कुमार कनौजिया ने कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि गांव सिमर्रा भोजपुर निवासी बबलू मौर्य उर्फ भूरे और चार अज्ञात लोग बिजली उपकेंद्र पर अपने घर व गांव के कुछ हिस्सों में विद्युत सप्लाई न आने की शिकायत लेकर आए थे। इस पर वहां तैनात एसएसओ इंद्रपाल यादव, संविदा लाइनमैन रामप्रकाश ने रात अधिक होने के कारण सुबह जल्दी सप्लाई चालू कराने की बात कही।
आरोप है कि इस पर इन लोगों ने मशीनों तथा फर्नीचर में तोड़-फोड़ की और उपकेंद्र पर मौजूद सरकारी दस्तावेजों को फाड़ दिया। इस कारण रातभर क्षेत्र की बिजली बंद रही। पीड़ित कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



