Budaun News: शहर में निकले डीएम तो खुली पोल

आश्रय गृह का निरीक्षण करते डीएम मनोज कुमार।स्रोत-प्रशासन
बदायूं। अलाव और रैन बसेरों के संबंध में की गई व्यवस्था की पड़ताल करने डीएम मनोज कुमार शुक्रवार रात जब शहर में घूमे तो पोल खुल गई। सार्वजनिक स्थानों पर अलाव नहीं जलते मिले तो महिला अस्पताल में रैन बसेरे के सामने गंदगी भी मिली। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधितों को चेतावनी दी और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
डीएम मनोज कुमार ने पीओ डूडा के साथ शुक्रवार रात शहर में घूमकर जिला महिला अस्पताल व रोडवेज बस स्टैंड के रैन बसेरों, प्राइवेट बस स्टैंड स्थित शेल्टर होम व रेलवे स्टेशन पहुंचकर अलाव सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
महिला अस्पताल, रोडवेज बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर अलाव जलते न मिलने पर डीएम ने नाराज़गी जताते हुए तत्काल इन्हें जलवाने के निर्देश दिए। महिला अस्पताल के रैन बसेरे में अलाव न होने के साथ उसके सामने गंदगी मिलने पर संबंधित को चेतावनी देने के निर्देश दिए।
रोडवेज बस स्टैंड के रैन बसेरे में डीएम को चादरें गंदी मिली और अलाव भी जलता नहीं मिला। डीएम ने यात्रियों के लिए कंबल, चादर व अलाव सहित सभी सुविधाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाए जाएं और इसकी व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण होता रहे।
इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों से व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन आदि सार्वजनिक स्थानों पर रैनबसेरों में निशुल्क ठहरने की फ्लैक्सी लगवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ठहरने वाले लोगों को पंजीकृत किया जाए व उनके फीडबैक के लिए रजिस्टर रखवाया जाए।