Budaun News: कांवड़ियों की टोलियां रवाना हुईं तो लगे जयकारे

कछला गंगाघाट से कांवड़ लेकर निकले शिवभक्त।
कछला गंगाघाट पर कांवड़ पूजन से पहले शिवभक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी
उझानी/कछला। सावन के अधिक मास में कांवड़ यात्रा फिर जोर पकड़ने लगी है। बुधवार सुबह गंगाघाट पर शिवभक्तों की खासी भीड़ जुटी। कांवड़ पूजन के बाद शिवभक्त हाईवे पर निकले तो महादेव के जयकारे गूंजने लगे।
करीब एक महीना पहले शुरू हुई कांवड़ यात्रा अधिक मास होने की वजह से अगस्त में भी चलेगी। बुधवार सुबह गंगा घाट पर डुबकी लगाकर कांवड़ पूजन के बाद बरेली के बिशारतगंज निवासी नेत्रपाल ने बताया कि उनकी टोली ने अधिक मास शुरू होने पर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने का संकल्प लिया था। इसी के तहत कांवड़ यात्रा शुरू कर दी गई है। बिशारतगंज की टोली सोमवार को जलाभिषेक करेगी।
इसके अलावा पीलीभीत और शाहजहांपुर जिले के शिवभक्तों की टोलियां भी हाईवे के रास्ते शिव मंदिरों के लिए निकलीं। भोले और पार्वती के भजनों पर थिरकते कांवड़ियों का रास्ते में वितरोई मोड़, छतुइया रेलफाटक, मंडी समिति के पास और जजपुरा मंदिर के सामने लोगों ने स्वागत किया। पांचवें सोमवार से पहले शनिवार और रविवार को कांवड़ियों की संख्या और बढ़ने के आसार हैं।