Budaun News: क्रिकेट मैच के विवाद में महिला और उसके बच्चों को पीटा
उझानी। कछला कस्बे में शनिवार शाम क्रिकेट मैच के दौरान बच्चों के विवाद में एक बच्चे के परिवार वालों ने दूसरे के घर में घुसकर मारपीट कर दी। पिटाई से महिला और उसके दो बच्चे घायल हो गए।
कछला के बार्ड नंबर तीन निवासी नरेंद्र पुत्र बृजपाल के बेटे विजय और पड़ोसी के बेटे के बीच क्रिकेट मैच के दौरान कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पड़ोसी के परिजन देर शाम नरेंद्र के घर पर जा धमके। आरोप है कि उन्होंने नरेंद्र की पत्नी सुनीता, उसके बेटे विजय और बेटी खुशबू को पीट दिया। घटना के बाद नरेंद्र ने रविवार पूर्वाह्न कछला चौकी पर जाकर पुलिस को घटना से अवगत कराया।
इसके अलावा किलाखेड़ा मोहल्ला निवासी भूरे की उसके बेटों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि भूरे पर उसके बेटों ने हमला कर दिया। हैंडपंप की सरिया के प्रहार से भूरे लहूलुहान हो गया। रविवार शाम घायल भूरे ने आरोपी बेटों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। संवाद



