Budaun News: सड़क हादसे में महिला की मौत

जिला अस्पताल में जानकारी देते मृतका महिला के परिजन। संवाद
मां के अंतिम संस्कार से लौट रहीं थी कांति देवी
संवाद न्यूज एजेंसी
उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव परवीन नगला के नजदीक बैलगाड़ी से टकराकर बाइक सवार कांति देवी (45) की मौत हो गई जबकि उनके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बुधवार शाम करीब पांच बजे गांव शिंभू नगला निवासी कांति देवी, उनके पति शंकरलाल (50) और बेटा मुकेश (18) वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव टिकुरी से लौट रहे थे। टिकुरी गांव में कांति देवी का मायका है। बुधवार सुबह उनकी मां की मृत्यु हो गई थी। उनके अंतिम संस्कार में ही तीनों लोग टिकुरी गांव गए थे।
उधर से लौटते समय उनकी बाइक परवीन नगला गांव के नजदीक पहुंची। बाइक मुकेश चला रहा था। उस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए था। बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान बाइक बैलगाड़ी से टकरा गई, जिसमें तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों लोगों को जिला अस्पताल भेजा, जहां कांतिदेवी की मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। महिला के दो बेटे और पांच बेटियां हैं।
–
वाहन की टक्कर से युवक की मौत
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र में गुलड़िया भट्ठे के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर से चंद्रकेश (30) उर्फ चंदू की मौत हो गई। वह थाना क्षेत्र के गांव फरीदापुर का रहने वाला था। वह अपने गांव में परचून की दुकान चलाता था। ग्रामीणों के अनुसार चंद्रकेश बुधवार रात बाइक लेकर गुलड़िया भट्ठे की ओर गया था। वह रात करीब आठ बजे उधर से गांव लौट रहा था। तभी भट्ठे के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए था। संवाद