Budaun News: दुष्कर्म के आरोपी युवक को पकड़कर जेल भेजा
वजीरगंज। पुलिस ने दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं के आरोपी युवक को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना का एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।
थाना बिल्सी क्षेत्र के एक गांव की युवती को डेढ़ माह पूर्व उसी के गांव के दो युवक धोखे से बाइक से बिठाकर ले गए थे। आरोप था कि उन्होंने रास्ते मे युवती को कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया। जब उसे होश आया तो वह नोएडा के एक मकान में थी, जहां पुष्पेंद्र नाम के युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में वह युवती को एक गांव में लेकर आ गए वहां भी उससे दुष्कर्म किया गया।
25 जुलाई को वजीरगंज पुलिस को दी गई तहरीर में युवती ने बताया कि वह मौका देखकर भाग आई। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय ने बताया था कि वजीरगंज में रिपोर्ट दर्ज कराने से पूर्व युवती बिल्सी थाने गई थी वहां उसने बिल्सी पुलिस को लिखित रूप से दिया था कि वह युवक के साथ अपनी मर्जी से गई थी।
बिल्सी पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द किया, बाद में युवती के परिजनों ने घटनास्थल वजीरगंज का दिखाकर वजीरगंज पुलिस को तहरीर दी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने पुष्पेंद्र तथा अतर सिंह निवासी ग्राम ओया के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवती का मेडिकल कराया था। बुधवार को पुलिस ने पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। संवाद