Budaun News: बेटे के साथ दवा लेने जा रही महिला चक्कर आने पर बाइक से गिरी, मौत

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दवा लेने जा रही 45 वर्षीय महिला सौद्रा की बाइक से गिरकर मौत हो गई। उसे पिछले कई दिन से बुखार आ रहा था। जैसे ही उसका बेटा बाइक लेकर गांव से निकला, तभी चक्कर आने से महिला बाइक से गिर गई। परिवार वाले उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
ग्राम नरऊ पसा निवासी वीरपाल की पत्नी सौद्रा पिछले कई दिन से बीमार चल रही थीं। उन्हें बुखार आ रहा था। वह कुंवरगांव के एक डॉक्टर की दवा ले रही थीं। बृहस्पतिवार सुबह भी उन्हें बुखार था। इससे सौद्रा अपने बेटे जयपाल के साथ बाइक पर दवा लेने को कुंवरगांव कस्बा जा रही थीं।
ये भी पढ़ें- UP News: एक लाख के इनामी सद्दाम को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार, उमेश पाल हत्याकांड के बाद से था फरार
बताते हैं कि उनका बेटा बाइक लेकर गांव के बाहर ही पहुंचा था। तभी अचानक चक्कर आने से सौद्रा बाइक से गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। जयपाल ने तुरंत बाइक रोकी और परिवार वालों को गांव के बाहर बुला लिया। वह सौद्रा को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने बताया कि परिवार वाले उनके शव को घर ले गए हैं। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार दिया है।



